पूजा पंडालों के आसपास सादे लिबास में तैनात रहेंगे पुलिस पदाधिकारी, सीसीटीवी और साफ-सफाई की व्यवस्था पर जोर
संवाददाता: बिपुल विश्वास
दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर फारबिसगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीओ अभय तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा पंडालों की सुरक्षा, साफ-सफाई तथा विजयादशमी के कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में फारबिसगंज डीएसपी, नगर परिषद की मुख्य पार्षद, थानाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों से विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा पूजा पंडालों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की।
बैठक में शहर के सभी पूजा पंडालों एवं उनके आसपास विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
इसके तहत सभी पूजा पंडालों के आसपास सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा आपसी सहयोग और समन्वय के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। बैठक में शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने के लिए सभी पूजा समितियों से प्रशासन का सहयोग करने पर बल दिया गया।