संवाददाता :अरुण कुमार
अररिया में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। आरएस थाना पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से 300 ग्राम स्मैक के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में अररिया के दीपू मल्लिक, भरगामा के पवन कुमार यादव और पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी वसीम शेख शामिल हैं।
अररिया एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अररिया-गलगलिया रेलवे लाइन के पास छापेमारी कर तीनों को कथित तौर पर स्मैक के लेन-देन के दौरान गिरफ्तार किया।
इनके पास से 300 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ, एक अपाचे मोटरसाइकिल, चार स्मार्टफोन और 500 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, दीपू मल्लिक का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।तस्करों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है।