न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में दो दिवसीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

लगभग 1,500 किसानों ने लिया भाग; स्थानीय मखाना, प्राकृतिक सब्जियों एवं मसाला उत्पादों की हुई बिक्री

संवाददाता/किशनगंज

शनिवार को शहीद अशफाकउल्लाह खान स्टेडियम, खगड़ा में दो दिवसीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। मेले का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व), उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा कृषि में नवाचार एवं विविधीकरण को प्रोत्साहित करना था।

प्राकृतिक खेती एवं स्थानीय कृषि उत्पाद रहे मेले का मुख्य आकर्षण

मेले की प्रमुख विशेषता स्थानीय किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती के माध्यम से उत्पादित कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी रही। किसानों को इन उत्पादों का अवलोकन कराने के साथ प्राकृतिक खेती के महत्व, तकनीकों एवं संभावनाओं से अवगत कराया गया।

विशेष रूप से चपाती गांव का प्राकृतिक खेती मॉडल मेले का मुख्य आकर्षण रहा। चपाती गांव में प्राकृतिक खेती एवं मल्टीलेयर फार्मिंग के माध्यम से कृषि का एक अनुकरणीय मॉडल विकसित किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में किसान जुड़कर लाभान्वित हो रहे हैं।

प्राकृतिक खेती समूहों द्वारा उत्पादित विभिन्न प्रकार की सब्जियों एवं मसाला उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री भी की गई। इन उत्पादों को किसानों एवं आगंतुकों ने काफी रुचि लेकर खरीदा।

स्थानीय मखाना उत्पादकों को मिला बाजार, लगभग 4 क्विंटल मखाना की बिक्री

मेले में स्थानीय कृषि उत्पादों के विपणन को भी विशेष प्रोत्साहन मिला। स्थानीय मखाना उत्पादकों द्वारा लगभग 4 क्विंटल मखाना की बिक्री की गई। प्राकृतिक खेती से तैयार ताजी सब्जियों एवं समूहों द्वारा तैयार विभिन्न मसाला उत्पादों की भी अच्छी बिक्री हुई। इससे स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर मिला। यह पहल कृषि को उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के स्टॉलों के माध्यम से दी गई जानकारी

मेले में कृषि एवं इससे संबंधित विभिन्न विभागों और संस्थानों द्वारा जानकारीपरक एवं प्रदर्शन आधारित स्टॉल लगाए गए। इनमें जिला गव्य विकास कार्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय के मत्स्य विभाग, जीविका, आत्मा, जिला उद्यान कार्यालय, स्थानीय कृषि उत्पाद, स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली, कृषि यंत्र एवं मशीनरी तथा सौर ऊर्जा से संबंधित स्टॉल प्रमुख रहे। इसके अतिरिक्त नगर विकास विभाग की ओर से गृह प्रवेश योजना से संबंधित स्टॉल भी लगाया गया।

नाबार्ड द्वारा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं एवं ऋण योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

मेले के दौरान किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व, प्रक्रिया एवं इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण द्वारा पराली प्रबंधन एवं कृषि अवशेषों के समुचित उपयोग के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया।

पौधा संरक्षण विभाग की टीम द्वारा फेरोमोन ट्रैप सहित कीट नियंत्रण की विभिन्न आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन एवं जानकारी दी गई। सहायक निदेशक, रसायन एवं मिट्टी जांच प्रयोगशाला की टीम द्वारा मिट्टी की जांच, मृदा स्वास्थ्य एवं संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व को समझाया गया।

इसके अतिरिक्त किसानों को ड्रैगन फ्रूट सहित अन्य फसलों को जंगली जानवरों एवं हाथियों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए खेतों में फेंसिंग एवं अन्य सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

कृषि विभाग की पूरी टीम रही उपस्थित

मेले के सफल आयोजन में कृषि विभाग की पूरी टीम की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण; सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण; सहायक निदेशक, रसायन; जिला उद्यान पदाधिकारी; सभी सहायक निदेशक; अनुमंडल कृषि पदाधिकारी; सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी; कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार उपस्थित रहे।इस दौरान विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं, तकनीकी नवाचारों एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

लगभग 1,500 किसानों ने किया मेले का अवलोकन

इस किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी में जिले के लगभग 1,500 किसानों के साथ विभिन्न विभागों, जीविका एवं अन्य संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा किसानों ने भाग लिया। किसानों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर कृषि संबंधी नवीन तकनीकों, उपकरणों, स्थानीय उत्पादों एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

Share this news

Leave a Comment