हसनगंज /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में बेमौसम हो रही झमाझम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल पर संकट मंडराने लगा है। खेतों में कटी पड़ी धान की फसल बारिश के पानी से भींग रही है, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका सता रही है। वही किसानों का कहना है कि इस वर्ष पहले से ही धान की कटाई को लेकर काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
मजदूरों की कमी के कारण समय पर धान की कटाई नहीं हो पा रही थी। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह मजदूरों की व्यवस्था कर धान की फसल कटवाई गई थी। अब जब फसल खेतों में कटकर तैयार पड़ी है, तो अचानक हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरने का खतरा पैदा कर दिया है।वहीं किसान मोहम्मद अब्बास, ताराचंद महतो, मोहम्मद मालिक सहित अन्य किसानों ने बताया कि धान कटाई के समय मजदूर नहीं मिलने से काफी परेशानी हुई थी।
किसी तरह फसल की कटाई पूरी कराई गई, लेकिन अब बेमौसम बारिश के कारण खेतों में रखी धान की फसल बर्बाद होने के कगार पर है। किसानों ने बताया कि लगातार बारिश होने से धान की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और फसल को सुखाने में भी परेशानी होगी।
किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बारिश के कारण किसानों की मेहनत और लागत दोनों पर संकट खड़ा हो गया है। मौसम की बदली स्थिति को देखते हुए क्षेत्र के किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं और जल्द धूप निकलने की उम्मीद कर रहे हैं।