चार साल पहले हुई थी शादी पिता ने थाने में दिया आवेदन
बारसोई /कटिहार -आबादपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर पंचायत पलासी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान फैन्सी खातून (22) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व पलासी निवासी मो. राजेक के पुत्र अशफाक उर्फ राहुल के साथ हुई थी।
मृतका की मायके पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चांचल थाना क्षेत्र अंतर्गत मायापुर गांव में है। परिजनों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन रहने लगी थी। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी। बताया जाता है कि 19 नवंबर को मायके वालों को सूचना मिली कि फेन्सी खातून की तबीयत खराब होने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन पलासी पहुंचे।
वहां पहुंचने पर उन्हें मामले को लेकर संदेह हुआ। परिजनों का आरोप है कि फेन्सी की मौत बीमारी से नहीं बल्कि ससुराल वालों द्वारा मारपीट किए जाने के कारण हुई है। परिजनों ने बताया कि मौके पर ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार थे। इसके बाद घटना की सूचना आबादपुर पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया।
मृतका के पिता मो. लतीफुर ने आबादपुर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में पति अशफाक उर्फ राहुल, ससुर मो. राजेक सहित छह लोगों को नामजद किया गया है। नामजद आरोपितों में मो. आरिफ, मो. रकीब, आरफी खातून और मिनु खातून भी शामिल हैं। इस संबंध में आबादपुर थानाध्यक्ष मो. शादाब आलम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिसमामले की अनुसंधन कर रही है।