बरारी /कटिहार – हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’, ‘कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आनो है’ और ‘तीन बाण धारी, शीश के दानी’ जैसे भजनों की गूंज से शुक्रवार की शाम बरारी श्याममय हो उठी। खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव पर गुरुबाजार स्थित गांधी स्मृति भवन के समीप आयोजित भव्य भजन संध्या में श्रद्धा और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला।
श्याम प्रभु के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। भक्ति का यह सिलसिला शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे तक जारी रहा। इसके बाद केक काटकर बाबा श्याम का जन्मदिन मनाया गया।जन्मोत्सव को लेकर आयोजन स्थल पर आकर्षक पंडाल तैयार किया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजे दरबार में बाबा श्याम का मनमोहक शृंगार किया गया था। शाम से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक रूपेश झा और मोहन पियारे के साथ भागलपुर की गायिका मुस्कान राज ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं भागलपुर के स्मार्ट बैंड की संगीतमय प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।कलाकारों ने जब श्याम भजनों की स्वर लहरियां छेड़ीं तो श्रद्धालु खुद को रोक नहीं सके। भजनों के बीच बाबा के जयकारे गूंजते रहे और भक्त हाथ उठाकर नृत्य करते नजर आए।
खासकर ‘हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा’ की प्रस्तुति पर पूरा पंडाल भक्तिमय उत्साह से भर गया। देर रात तक भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा। अंत में केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान श्याम भक्तों ने एक-दूसरे को जन्मदिन की बधाई दी और बाबा के जयकारे लगाए। आयोजन में पवन चौरसिया, मनीषा कुमारी सहित समस्त श्याम परिवार के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।