फलका/ कटिहार – थाना क्षेत्र के हथवाड़ा पंचायत अंतर्गत फूलडोभी गांव में स्मैक के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नशे के बढ़ते कारोबार से परेशान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर अपना विरोध जताया और नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में स्मैक का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। इसकी गिरफ्त में आकर युवा अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं। नशे की लत का असर अब परिवारों और पूरे समाज पर पड़ने लगा है। ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते इस अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाली पीढ़ी का भविष्य भी अंधकारमय हो सकता है प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पंचायत के उपमुखिया साजिद आलम ने कहा कि गांव में स्मैक का अवैध कारोबार बढ़ना चिंता का विषय है।
नशे की गिरफ्त में आकर युवा अपनी जिंदगी तबाह कर रहे हैं। इसका सीधा असर परिवार और समाज पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से नशे के कारोबारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की मांग की।ग्रामीणों ने कहा कि केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा।
सूचना मिलने पर फलका थानाध्यक्ष प्रह्लाद कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाते हुए मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्मैक तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर समय रहते लगाम नहीं लगी तो गांव के युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ सकता है।