न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

राधा-कृष्ण की रासलीला से भक्तिमय हुआ सिवाना गांव

45 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत 72 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन शुरू

बरारी /कटिहार – सिवाना गांव में शनिवार से तीन दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन से ही पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर है। संकीर्तन के दौरान कुर्सेला के कोशिकीपुर से पहुंची प्रसिद्ध कीर्तन मंडली ने राधा-कृष्ण की मनमोहक रासलीला की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की लीलाओं का ऐसा जीवंत मंचन किया कि श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

रासलीला देखने के लिए महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी। हरे राम, हरे कृष्ण के जयघोष और भजन-कीर्तन से आयोजन स्थल गूंजता रहा। राधा-कृष्ण की भक्ति में श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए। आयोजन के तहत लगातार 72 घंटे तक अलग-अलग कीर्तन मंडलियों द्वारा अखंड हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा।आयोजनकर्ता समाजसेवी भोला चौहान ने बताया कि सिवाना गांव में पिछले 45 वर्षों से इस धार्मिक अनुष्ठान की परंपरा चली आ रही है।

वर्ष में दो बार होने वाले इस आयोजन में ग्रामीण पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लेते हैं। यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को भी मजबूत कर रही है।उनके पुत्र अनुज कुमार चौहान ने बताया कि संकीर्तन का उद्देश्य मानव कल्याण और समाज में सद्भाव का संदेश देना है। आयोजन को सफल बनाने में गांव के युवाओं की विशेष भूमिका है। युवा दिन-रात सेवा भाव से जुटकर श्रद्धालुओं के लिए जरूरी व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।

Share this news

Leave a Comment