निसार अहमद/बहादुरगंज
मद्यनिषेध अभियान के तहत बहादुरगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.375 लीटर विदेशी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब 7:00 बजे बहादुरगंज थाना के अपर थानाध्यक्ष (पु.अ.नि.) रंजीत कुमार भारती सशस्त्र बल (सिपाही नितीश कुमार एवं महिला सिपाही प्रिती कुमारी) के साथ विशेष छापामारी अभियान पर थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के गुंजनबाड़ी पावर हाउस के निकट एक उजले पक्के मकान से अवैध रूप से विदेशी शराब की बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के लिए वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने उक्त मकान की घेराबंदी की। मकान में मौजूद व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लक्की दास (पिता- स्व. रेशम लाल), निवासी ईदगाह टोला भौरादह, वार्ड संख्या-06 (थाना- बहादुरगंज) बताया।
पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लिए जाने पर मकान के पीछे मवेशी रखने वाले कमरे से एक प्लास्टिक के थैले में छिपाकर रखी गई ‘इंपीरियल ब्लू’ ब्रांड की 375 एमएल की कुल 09 बोतलें (कुल मात्रा 3.375 लीटर) विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर ई-साक्ष्य ऐप पर वीडियो अपलोड किया और मौके से आरोपी लक्की दास को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में बहादुरगंज थाना में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम के तहत कांड संख्या 725/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पु.अ.नि. रूबी कुमारी को सौंपी गई है।