न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

गोलीबारी कांड का पुलिस ने किया खुलासा,मुख्य आरोपी गिरफ्तार

लोडेड देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

पारिवारिक विवाद और रंजिश में युवक को पीछे से मारी थी गोली

एसडीपीओ टु सुनील कुमार शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

समेली /कटिहार – जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के टीकापट्टी चांदपुर में युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपी रितेश कुमार मंडल (45) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। इस पूरे मामले की जानकारी सदर एसडीपीओ टु सुनील कुमार शर्मा ने पोठिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

उन्होंने बताया घटना 13 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के कहलगांव टोला, वार्ड संख्या-11 निवासी 24 वर्षीय गुंजन कुमार अपने दोस्तों के साथ अपनी बहन अनिता देवी के घर शादी का कार्ड देने टीकापट्टी चांदपुर वार्ड संख्या-03 पहुंचे थे। इसी दौरान पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर उनकी बहन के देवर रितेश कुमार मंडल ने गुंजन कुमार को आंगन से बाहर बुलाया और पीछे से जान मारने की नीयत से गोली चला दी।

गोली लगने से गुंजन कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।जख्मी गुंजन कुमार के फर्द बयान के आधार पर पोठिया थाना कांड संख्या 295/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।

इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी रितेश कुमार मंडल को कटिहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पारिवारिक विवाद और आपसी आक्रोश के कारण उसने शराब के नशे में गुंजन कुमार को पीछे से कमर में गोली मारी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने टीकापट्टी चांदपुर स्थित उसके बासा पर मचान के सामने केले के पेड़ के पास मिट्टी में छिपाकर रखा गया घटना में प्रयुक्त लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this news

Leave a Comment