न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत दो गिरफ्तार

चोरी के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स दुकानदार भी गिरफ्तार, सोना-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल उपकरण बरामद

संवाददाता/किशनगंज

बंद घरों की खिड़की का ग्रिल काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का किशनगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपित और चोरी के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स दुकानदार शामिल है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज ने बताया कि आरोपितों के पास से चोरी के आभूषण, नकदी और गृहभेदन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि , बीते 5 नवंबर की रात किशनगंज थाना क्षेत्र के सफानगर में मुखलिस आलम के बंद घर की खिड़की का ग्रिल काटकर चोरों ने अलमारी से सोने की चेन और सोने का झुमका चोरी कर लिया था। इस संबंध में 6 नवंबर को किशनगंज थाना में कांड संख्या 1219/26 दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अनुसंधान करते हुए 19 नवंबर को गिरोह के सरगना इन्तेखाब (34), निवासी मोहिद्दीनपुर, किशनगंज तथा चोरी के जेवर खरीदने वाले राजा राम स्वर्णकार (32), निवासी बेलवा बाजार को गिरफ्तार किया।श्री शिराज ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह में सात से आठ सदस्य शामिल हैं। गिरोह के सदस्य पहले मोहल्लों में घूमकर ऐसे बंद घरों की रेकी करते थे, जो कई दिनों से बंद रहते थे। इसके बाद रात में खिड़की का ग्रिल और ताला काटकर घर में प्रवेश करते और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर लगभग 20 ग्राम सोने का गला हुआ आभूषण, लोहे का बोल्ट कटर, आरी ब्लेड मशीन, चार आरी ब्लेड, सिलाई रिंच, दो लोहे की खुड़िया और तार काटने वाला छोटा कटर बरामद किया है।

जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के आभूषणों को राजा राम स्वर्णकार अपनी दुकान के माध्यम से खरीदता था। पुलिस के अनुसार, चोरी के सोने को गलाकर बेचने की भी जानकारी मिली है। इससे पहले गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के दौरान पांच ग्राम सोने का झुमका, चांदी की पांच अंगूठियां, सिलाई रिंच, पिलास, खंती और तीन हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए थे।

श्री शिराज ने बताया कि इस गिरोह के चार सदस्यों को अब तक गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और जिले में हुई अन्य गृहभेदन की घटनाओं में संलिप्तता की जांच के लिए छापेमारी जारी है।

कार्रवाई में एसडीपीओ खुर्शीद सिराज, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला आसूचना इकाई और किशनगंज थाना की पुलिस टीम शामिल थी।

Share this news

Leave a Comment