बिचौलियों और दलालों पर होगी सख्त कार्रवाई, निजी एंबुलेंस के अनधिकृत संचालन पर रोक लगाने का निर्देश
संवाददाता/किशनगंज
सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से शनिवार को सिविल सर्जन ने औचक निरीक्षण किया। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर किए गए निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्था, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही के कारण विभाग की छवि धूमिल होने पर संबंधित चिकित्सक और कर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रबंधक को अस्पताल परिसर को बिचौलियों और दलालों से मुक्त रखने का निर्देश दिया। परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या दलाल की गतिविधि सामने आने पर उसे चिह्नित कर तत्काल स्थानीय थाने को सूचना देने को कहा गया, ताकि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस के अनधिकृत प्रवेश और संचालन पर प्रभावी रोक लगाने तथा इस पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर, पारदर्शी और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।