गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर पूरा करने का दिया निर्देश
बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की ओर से किया जा रहा है सौंदर्यीकरण के तहत निर्माण का कार्य
सालमारी /कटिहार – जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गोरखनाथ धाम में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में चल रहे मुख्य प्रवेश द्वार, परिक्रमा पथ, श्रद्धालुओं के लिए शेड, पेयजल, शौचालय, लाइटिंग, पार्किंग व्यवस्था एवं तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की।
उन्होंने कार्यकारी एजेंसी के अभियंता एवं संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के साथ किए जाएं। सामग्री की जांच के बाद ही कार्य कराया जाए। सौंदर्यीकरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा के अंदर हर हाल में पूरा किया जाए ताकि आने वाले मकर संक्रांति एवं महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
डीएम ने मंदिर परिसर में दिव्यांग एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए रैंप, बैठने की व्यवस्था एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही परिसर में पौधारोपण,फूलों की क्यारियां एवं आकर्षक लाइटिंग लगाने का भी निर्देश दिये।जिलाधिकारी ने कहा कि गोरखनाथ धाम कटिहार की आस्था एवं सांस्कृतिक पहचान है।
इसके सौंदर्यीकरण से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी ,अपर समाहर्ता डाॅ.बिनोद कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी सदर डॉ. सूरज कुमार ,बारसोई राजू कुमार , विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन , जिला पंचायती राज पदाधिकारी योगेन्द्र कुमार,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगलेश कुमार सिंह,अंचल पदाधिकारी अजय कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरोज कुमार, पर्यटन विभाग के कनीय अभियंता विशाल कुमार एवं पर्यटन विभाग के आर्कटिक इंजीनियर माधव भारद्वाज के साथ मंदिर न्यास समिति के सचिव पिंटू यादव, देवनारायण नुनिया,प्रदीप शर्मा,चंदन यादव, पिंटू साह श्याम नाथ यादव,अंकित यादव, फनी कुमार सिंह दिलीप कुमार सिंह, निताई यादव एवं सभी सदस्य उपस्थित रहे।