सरपंच ने स्थल निरीक्षण कर उठाए सवाल, कार्यस्थल पर योजना से संबंधित सूचना पट भी नहीं मिला।
टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र की चिल्हनियां पंचायत में वीबी रामजी योजना के तहत संचालित विकास कार्यों में अनियमितता का मामला सामने आया है। पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय देवरी कास्त खर्रा में चारदीवारी सह इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य को लेकर शनिवार को सरपंच कैलाश बोसाक ने कार्यस्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के अभिलेखों में 19 मजदूरों के माध्यम से कार्य कराया जाना दर्शाया जा रहा है, जबकि धरातल पर कार्य होता हुआ नजर नहीं आया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त कार्य मनरेगा योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। योजना संख्या-0542001010/AV/VB/20487063 तथा मास्टर रोल संख्या-12932 एवं 12933 के तहत 19 मजदूरों की उपस्थिति दर्शाए जाने की बात सामने आई है।
सरपंच कैलाश बोसाक ने स्थल निरीक्षण के बाद योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब कागजों पर मजदूरों से काम कराया जा रहा है तो फिर कार्यस्थल पर काम दिखाई क्यों नहीं दे रहा है? उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। निरीक्षण के दौरान एक और महत्वपूर्ण कमी सामने आई।
कार्यस्थल पर योजना से संबंधित कार्यशील सूचना पट भी नहीं लगाया गया था। नियमानुसार निर्माण स्थल पर योजना का नाम, प्राक्कलित राशि, कार्य की अवधि, योजना संख्या एवं अन्य आवश्यक विवरण प्रदर्शित किया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को कार्य से संबंधित जानकारी मिल सके।
गौरतलब है कि चिल्हनियां पंचायत में योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर पहले भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसके बावजूद यदि योजनाओं में कागजी कार्यवाही और धरातल की स्थिति में अंतर है तो यह संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इस संबंध में कार्यक्रम पदाधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए कनीय अभियंता को स्थलीय निरीक्षण करने भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।अब देखना यह है कि स्थलीय जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और योजना के नाम पर कथित अनियमितता के मामले में विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।