न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

देवबंदी-बरेलवी विवाद पर सुलह की बड़ी पहल,उलेमाओं को एक मंच पर लाने की कोशिश

अर्राबाड़ी निकाह प्रकरण के बाद सीमांचल में छिड़ी बहस पर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताई चिंता, अमन-चैन और भाईचारा कायम रखने की अपील

किशनगंज/प्रतिनिधि

अर्राबाड़ी में निकाह की मजलिस के दौरान उत्पन्न मसलकी विवाद अब सीमांचल ही नहीं, बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है। इस विवाद से इलाके की सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे पर पड़ रहे असर को देखते हुए किशनगंज में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उलेमाओं ने सुलह की बड़ी पहल की है। देवबंदी और बरेलवी दोनों मसलक के बड़े उलेमाओं के साथ बैठक कर विवाद को समाप्त करने और आपसी सौहार्द कायम रखने की अपील की गई है।

शनिवार को शहर के उत्तर पल्ली स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजद नेता सह पूर्व प्रमुख मुस्ताक आलम, डॉ. नूर आलम और मौलाना मुफ्ती अतहर ने इस पहल की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि सीमांचल में आज जिस तरह की स्थिति पैदा हुई है, वैसी स्थिति पहले कभी देखने को नहीं मिली। मसलकी मतभेद को लेकर उपजा विवाद अब व्यापक बहस का रूप ले चुका है, जिससे पूरे इलाके की छवि प्रभावित हो रही है।

उन्होंने बताया कि विवाद को बढ़ने से रोकने और आपसी भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों मसलक के उलेमाओं के साथ बैठक कर उनसे सकारात्मक पहल करने की अपील की गई है। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन इसकी वजह से समाज में तनाव और दूरियां पैदा नहीं होनी चाहिए।

गौरतलब है कि अर्राबाड़ी में निकाह की मजलिस के दौरान एक बरेलवी मौलाना पर आरोप लगा था कि उन्होंने लड़की से देवबंदी मसलक से तौबा करने और उलेमाओं को कथित तौर पर काफिर कहने की बात कही थी। इसके बाद लड़की ने निकाह से इनकार कर दिया था। घटना के बाद सोशल मीडिया पर दोनों मसलकों को लेकर व्यापक बहस शुरू हो गई।

पत्रकार वार्ता में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि दोनों पक्षों के बड़े उलेमाओं से उम्मीद है कि वे इस अपील को स्वीकार करते हुए विवाद को समाप्त करने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमांचल की पहचान हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी प्रेम और भाईचारे से रही है। इस पहचान को किसी भी कीमत पर धूमिल नहीं होने देना चाहिए। समाज में शांति, सद्भाव और एकता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Share this news

Leave a Comment