बरसात में नाव तो सुखाड़ में चंदे से बनती है चचरी पुलिया, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से ग्रामीणों ने लगाई स्थायी पुल निर्माण की गुहार।
टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित सुहिया रेतुआ नदी पर आजादी के दशकों बाद भी आरसीसी पुल का निर्माण नहीं हो सका है। स्थानीय ग्रामीण वर्षों से नदी पर स्थायी आरसीसी पुल निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी यह मांग पूरी नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सांसद, विधान पार्षद (एमएलसी), विधायक एवं जिला पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को दर्जनों बार आवेदन देकर पुल निर्माण की मांग की गई, बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है।
सुहिया रेतुआ नदी पर पुल नहीं होने के कारण आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर लोगों को जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ती है। वहीं, सुखाड़ के मौसम में ग्रामीण आपस में चंदा इकट्ठा कर बांस की चचरी पुलिया का निर्माण करते हैं, जिसके सहारे किसी तरह आवागमन करते हैं। यह व्यवस्था ग्रामीणों की मजबूरी बन गई है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को होती है। नदी पर स्थायी पुल नहीं रहने के कारण बच्चों को प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में बच्चों को नदी पार करने के लिए जोखिम उठाना पड़ता है। वहीं, जिला मुख्यालय एवं प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए भी ग्रामीणों को काफी परेशानियों से गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी क्षेत्र के लोगों को आवागमन जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। चुनाव के दौरान विकास और बेहतर सड़क-पुल की बातें होती हैं, लेकिन सुहिया रेतुआ नदी पर आरसीसी पुल निर्माण का सपना अब तक अधूरा है। ग्रामीणों ने कहा कि अस्थायी चचरी पुलिया और नाव के सहारे आवागमन करना उनकी मजबूरी है, जबकि स्थायी पुल का निर्माण होने से हजारों लोगों को वर्षभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण अनिरुद्ध प्रसाद साह, वीरेंद्र प्रसाद यादव, खलील अंसारी, बालेश्वर यादव, अतीक अंसारी, विनोद कुमार यादव, भीम प्रसाद सिंह, दीपलाल मांझी, रामनाथ सिंह, कैलाश बोसाक, गंगा प्रसाद राम, मायानंद मंडल, तमिजुद्दीन, उद्यानंद मंडल, बीरबल अंसारी एवं हरिप्रसाद मंडल सहित अन्य ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों एवं जिला पदाधिकारी से सुहिया रेतुआ नदी पर शीघ्र आरसीसी पुल निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि पुल का निर्माण केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। अब देखना यह है कि वर्षों से लंबित ग्रामीणों की इस मांग पर संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन कब तक पहल करते हैं।