टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में निर्माणाधीन पुल के समीप पुलिस ने लावारिस हालत में खड़ी शराब लदी एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल पर लदे तीन बोरों से कुल 299 बोतल नेपाली देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 89.7 लीटर बताई गई है।
पुलिस ने मोटरसाइकिल के साथ एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और एक जोड़ी प्लास्टिक की चप्पल भी जब्त की है। अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि 18 नवंबर की रात करीब 10:51 बजे ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि पोखरिया गांव में निर्माणाधीन पुल के पास शराब लदी एक मोटरसाइकिल गिरी हुई है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस बल के साथ वे घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
रात करीब 11:45 बजे मौके पर पहुंचने पर सड़क किनारे जलकुंभी के पास काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल गिरी हुई मिली। उस पर तीन बोरे लदे थे।इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में स्वतंत्र गवाह मो. कैफ और मो. रेहान के समक्ष मोटरसाइकिल एवं बोरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान हरे रंग के बोरे से 88 बोतल फाइटर ब्लैक देशी शराब, पीले रंग के बोरे से 31 बोतल फाइटर ब्लैक एवं 60 बोतल रेशम लीची देशी शराब तथा जूट के बोरे से 120 बोतल रेशम लीची नेपाली देशी शराब बरामद की गई। सभी बोतलों में 300 मिलीलीटर शराब थी।
पुलिस ने बरामद शराब, मोटरसाइकिल, मोबाइल और चप्पल की विधिवत जब्ती सूची तैयार की। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर ई-साक्ष्य ऐप पर भी अपलोड की गई, जिसका एसआईडी नंबर 2626445533277795 है।
अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत मोटरसाइकिल के चालक एवं स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही है। हालांकि, मौके से किसी की गिरफ्तारी का उल्लेख नहीं है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।