पक्की सड़क और कल्वर्ट निर्माण की मांग, दर्जनों बार आवेदन देने के बावजूद नहीं हुई पहल।
टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के चिल्हनिया पंचायत अंतर्गत बाभनगावां वार्ड संख्या 7 जाने वाली कच्ची सड़क वर्षों से बदहाल है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि ग्रामीणों को अपनी सुविधा के लिए बांस की चचरी पुलिया बनाकर किसी तरह आवागमन का रास्ता तैयार करना पड़ा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाली के कारण रोजमर्रा के कामकाज के साथ-साथ अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में भी कठिनाइयां होती हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी परेशानीपूर्ण हो जाती है। सड़क की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों को दर्जनों बार आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया है।
इसके बावजूद अब तक पक्की सड़क के निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। वर्षों से चली आ रही इस समस्या के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीण द्वारिका मंडल, राजू मंडल, नरेश मंडल, मदन ऋषिदेव, अयोध्या मंडल और कमल मंडल सहित अन्य लोगों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से बाभनगावां वार्ड संख्या 7 जाने वाली सड़क का जल्द पक्कीकरण कराने तथा आवश्यक स्थान पर कल्वर्ट का निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और कल्वर्ट का निर्माण होने से आवागमन सुगम होगा तथा लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी।