दिघलबैंक/मुरलीधर झा
दुर्गा पूजा को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को दिघलबैंक थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिघलबैंक थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने की। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य लोगों एवं विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कहीं अफवाह फैलने की सूचना मिलती है, तो तत्काल पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
थानाध्यक्ष ने सभी पूजा समितियों को पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा स्थल से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। इस नियम का पालन सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। साथ ही, सभी पूजा समितियों को एक-दो दिनों के भीतर अपने कार्यकर्ताओं की सूची थाने में उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उनके पहचान-पत्र जारी किए जा सकें।
बैठक में दिघलबैंक,धनतोला,दुबरी, टप्पू और तुलसिया, पदमपुर सहित उन स्थानों पर, जहां मेला के दौरान अधिक भीड़ उमड़ती है, जाम की समस्या से निपटने के लिए मेला स्थल से दूर बाइक एवं साइकिल स्टैंड की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने में मदद मिलेगी।
बैठक में पूर्व प्राचार्य बी.एन. ठाकुर, ब्रजमोहन झा, दिघलबैंक मुखिया प्रतिनिधि गणेश सिंह, पूर्व प्रमुख नादिर आलम, राजमोहन झा, कमल अग्रवाल, रमेश कुमार गणेश, गौतम लाल गणेश, सीताराम सोरेन, तेज नारायण गिरी, प्रमोद साह, सुरेंद्र दास सहित विभिन्न पूजा पंडालों के सदस्य एवं दर्जनों जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।