बरसात में जलमग्न हो जाता है इलाका, स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों को होती है भारी परेशानी।
टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बैगना पंचायत के वार्ड संख्या दो एवं तीन स्थित तेघरिया गांव के समीप वर्षों से कच्ची सड़क जर्जर और क्षतिग्रस्त रहने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेघरिया से गिल्हनी जाने वाली कच्ची सड़क के बीच का हिस्सा ध्वस्त हो जाने से स्कूली छात्र-छात्राओं सहित आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय, जिला मुख्यालय सहित अन्य स्थानों पर आने-जाने में काफी कठिनाई होती है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है। सड़क पर पानी भर जाने और बीच का हिस्सा क्षतिग्रस्त रहने से आवागमन और भी जोखिम भरा हो जाता है। खासकर स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
कई वर्षों से इस समस्या के बने रहने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीण नारायण कुमार मांझी, सरवन कुमार मांझी, उमेश कुमार मांझी, दिनेश कुमार सिंह, श्यामलाल मांझी एवं संतोष कुमार सिंह ने शासन-प्रशासन से तेघरिया से गिल्हनी जाने वाली सड़क का पक्कीकरण कराने तथा ध्वस्त हिस्से पर आरसीसी पुल का निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुल का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी निजात मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से जनहित में जल्द आवश्यक पहल करने की मांग की है।