फलका/ कटिहार – प्रखंड में आंगनबाड़ी केंद्र में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सीडीपीओ पुष्पा कुमारी ने एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म पूरी करायी। वहीं, एक बच्चे को पहला अन्न खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में रंगोली बनाकर पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं के साथ आंगनबाड़ी सेविकाओं ने भी भाग लिया । प्रत्येक वर्ष 9 सितंबर से 9 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाता है। इस वर्ष आहार में विविधता लाने और प्रोटीनयुक्त भोजन के सेवन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान उचित खानपान, बच्चों के पोषण और कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक किया जाता है।