न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

पुलिस ने 46 वर्षीय महिला की हत्या का किया खुलासा,पड़ोसी युवक गिरफ्तार

बहादुरगंज थाना क्षेत्र में हुई थी वारदात, साड़ी से गला दबाकर हत्या करने का आरोप

किशनगंज /प्रतिनिधि

किशनगंज पुलिस ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र में 46 वर्षीय महिला महजबी खातून की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिमनान उर्फ साह सिमनान (23 वर्ष), पिता अब्दुल खालिक, निवासी नटुआपाड़ा वार्ड संख्या-14, थाना बहादुरगंज, जिला किशनगंज के रूप में हुई है। आरोपी महिला का पड़ोसी था।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि 6 अक्टूबर को बहादुरगंज पुलिस को सूचना मिली कि नटुआपाड़ा वार्ड संख्या-14 निवासी महजबी खातून की घर में हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज भेजा गया।

मृतका के पुत्रों के आवेदन के आधार पर बहादुरगंज थाना कांड संख्या 643/26 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

फोन कर घर बुलाने के बाद हत्या का आरोप

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि, तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर जांच के दौरान आरोपी की पहचान की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतका एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच पिछले करीब एक वर्ष से संपर्क था।गौरतलब हो कि महिला का पति लुधियाना में रहता था ।

श्री शिराज ने बताया कि , 5 अक्टूबर को आरोपी ने मृतका को फोन कर बुलाया था। वह उसके घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और उसकी साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया था।

विशेष टीम ने की गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरो शिराज , बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार तथा पुलिस अवर निरीक्षक सोना कुमार,विकास कुमार,सुजीत कुमार,अखिलेश कुमार,नीतीश कुमार के साथ साथ जिला आसूचना इकाई के कर्मी एवं अन्य शामिल थे ।

Share this news

Leave a Comment