न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

तीन साल में ही 30 बेड वाले अस्पताल भवन की छत से पानी का रिसाव, मरीजों की बढ़ी परेशानी

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ के करीब तीन वर्ष पुराने 30 बेड वाले अस्पताल भवन की छत से पानी का रिसाव शुरू हो गया है। भवन की छत से पानी टपकने के कारण अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, अस्पताल भवन में एक्स-रे कक्ष के समीप छत से पानी का रिसाव हो रहा है। छत से पानी टपकने से अस्पताल परिसर में मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल भवन को बने अभी लगभग तीन वर्ष ही हुए हैं, ऐसे में इतनी कम अवधि में छत से पानी रिसने की समस्या सामने आने से निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ में प्रखंड क्षेत्र की करीब 12 पंचायतों से लोग इलाज कराने पहुंचते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन अस्पताल आते हैं। ऐसे में अस्पताल भवन की छत से पानी का रिसाव मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से अस्पताल भवन की छत का निरीक्षण कराकर पानी के रिसाव की समस्या को शीघ्र दूर कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल भवन में इस तरह की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समय रहते मरम्मत कराई जानी चाहिए, साथ ही कार्य के गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी न हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

Share this news

Leave a Comment