न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

विज्ञान के प्रयोगों से विद्यार्थियों ने दिखाई अपनी रचनात्मक क्षमता

गुरुबाजार में लगी विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों पर सजे मॉडल, सात विद्यालयों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

बरारी /कटिहार – बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोमवार को जागेश्वर उच्च विद्यालय गुरुबाजार परिसर में प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी लगाई गई। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 के निर्धारित विषय ‘विज्ञान में महिलाएं विकसित भारत के लिए उत्प्रेरक’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक समझ का परिचय दिया।

प्रदर्शनी का शुभारंभ बीडीओ सह बीईओ धीरेंद्र कुमार धीरज ने निर्णायक मंडली के सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए मॉडलों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विज्ञान आधारित गतिविधियां बच्चों को नई सोच विकसित करने और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच मिलता है।

प्रदर्शनी में महिला नवाचार एवं प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक, स्वचालन तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग से संबंधित मॉडल प्रदर्शित किए गए। केआरपी अनूप कुमार ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाया। मॉडलों का आकलन मास्टर ट्रेनर राम जयपाल सिंह यादव, प्रधानाध्यापक भगत सिंह, वीरेंद्र सिंह,विशम्भर मिश्रा, ऋचा कात्यायन, राकेश कुमार एवं ईशा मिश्रा की निर्णायक मंडली ने किया। मूल्यांकन के बाद सात विद्यालयों का चयन जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए किया गया। चयनित विद्यालयों के प्रतिभागी अब जिला स्तर पर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Share this news

Leave a Comment