न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत कटिहार रेलवे स्टेशन पर पांच नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू,आरपीएफ ने दिखाई तत्परता

कटिहार – कटिहार रेलमंडल में आरपीएफ की ओर से बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत कटिहार रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ इस्ट पोस्ट कमांडर विक्रम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में छह दिनों के अंतराल में पांच नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया। इनमें तीन नाबालिग लड़कियां और दो नाबालिग लड़के शामिल हैं। सभी बच्चे अपने घर से बिना परिजनों को बताए निकल आए थे और स्टेशन परिसर में भटक रहे थे।

जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट कटिहार ईस्ट के एएसआई हितेश चंदर एवं मेरी सहेली टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या एक के सर्कुलेटिंग एरिया में परेशान हालत में घूम रही 13 वर्षीय एक बच्ची को रेस्क्यू किया। वहीं, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कोतवाली थाना से मिली सूचना के आधार पर स्टेशन परिसर में टीएम रनिंग रूम के समीप से 11 और 14 वर्ष की दो अन्य बच्चियों को भी सुरक्षित निकाला गया।

इनमें एक बच्ची को बाल गृह कटिहार में रखा गया, जबकि अन्य दो बच्चियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जलपाईगुड़ी पुलिस के हवाले किया गया। इसी क्रम में 21 नवंबर को आरपीएफ टीपीएफ पोस्ट कटिहार ईस्ट के एएसआई उदय कुमार ने प्लेटफॉर्म संख्या एक पर सीटीटीआई कार्यालय के सामने बेंच पर बैठे 11-11 वर्ष के दो नाबालिग लड़कों को रेस्क्यू किया। पूछताछ में दोनों ने अपना घर मधेपुरा का बताया और परिजनों को बिना बताए घर से निकलने की बात कही।

आरपीएफ द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को रात्रि संरक्षण के लिए बाल गृह कटिहार भेजा गया। जहां से नियमानुसार चाइल्डलाइन के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ की इस तत्परता से पांच नाबालिग बच्चों को सुरक्षित संरक्षण मिल सका। सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने आम यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन परिसर में कोई भी बच्चा अकेला,भटका हुआ या परेशान अवस्था में दिखाई दे तो तत्काल आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन को सूचना दें। ताकि समय रहते उसकी मदद की जा सके।

Share this news

Leave a Comment