बाल पकड़कर जमीन पर पटका, सिर पर वार से फटा सिर; गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती, पिता ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी
संवाददाता/किशनगंज
सदर थाना क्षेत्र के मोतीबाग इलाके में आपसी विवाद के दौरान एक 21 वर्षीय युवती के साथ मारपीट कर लोहे की रॉड से सिर पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने युवती को बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लोहे की रॉड से सिर पर वार कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले को लेकर मोतीबाग निवासी 60 वर्षीय नौशाद अली ने किशनगंज थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, घटना 20 नवंबर 2026 की रात करीब दो बजे की है। उस वक्त उनकी 21 वर्षीय पुत्री सोनी परवीन मामूली कहासुनी के बाद घर में थी। आरोप है कि करीब दस मिनट बाद मोहल्ले के ही मो. इरफान (46) और मरियम खातून (38) उनके घर से लोहे की रॉड लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मो. इरफान ने उनकी पुत्री के बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लोहे की रॉड से सिर पर जोरदार प्रहार किया। इससे युवती का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। पुत्री को बचाने पहुंचे नौशाद अली के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सोनी परवीन को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने उसके सिर में गंभीर चोट को देखते हुए सीटी स्कैन (ब्रेन) कराने की सलाह दी है।
पीड़ित पिता के आवेदन पर किशनगंज थाना कांड संख्या 1265/26 भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।