न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

राहत संस्था द्वारा 12वीं बटालियन SSB में जिला स्तरीय सेमिनार आयोजित, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर दिया गया जोर

किशनगंज/प्रतिनिधि 

 बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से सोमवार को राहत संस्था एवं जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त तत्वावधान में 12वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 12 बी कंपनी, फॉरेनगोला स्थित सभागार में जिला स्तरीय कंसल्टेशन सेमिनार का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में SSB के जवानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न घटक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने किशनगंज को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राहत संस्था की सचिव डॉ. फरजाना के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने बाल विवाह के सामाजिक, कानूनी एवं पारिवारिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों पर गंभीर असर डालता है। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्ति दिवस के अवसर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन, सुरक्षा बलों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

सेमिनार में श्रीमती शारदा ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह कानूनन बाल विवाह की श्रेणी में आता है। उन्होंने बाल विवाह कराने, प्रोत्साहित करने अथवा इसमें सहयोग करने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसी किसी भी घटना की आशंका होने पर तत्काल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को सूचना देनी चाहिए।

डिप्टी कमांडेंट स्वरूप रजक ने बाल विवाह की रोकथाम में शिक्षा को सबसे प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना जरूरी है। खासकर बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित कर आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता है। शिक्षित बच्चे अपने अधिकारों और भविष्य के प्रति जागरूक होंगे, जिससे बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।

वहीं, असिस्टेंट कमांडेंट ने डिजिटल माध्यमों के बढ़ते दुरुपयोग और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चों को बहला-फुसलाकर गलत गतिविधियों में फंसाने की घटनाओं के प्रति अभिभावकों को सतर्क रहना चाहिए। बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर सकारात्मक निगरानी और समय पर मार्गदर्शन जरूरी है।

टुम्पा रजक ने कहा कि बाल विवाह के पीछे गरीबी, अशिक्षा, लैंगिक भेदभाव और सामाजिक परंपराएं प्रमुख कारण हैं। समाज की सोच में बदलाव लाए बिना इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। बालिकाओं को बोझ समझने की मानसिकता समाप्त कर उन्हें शिक्षा, सम्मान और समान अवसर देना होगा।

सेमिनार में आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जिन परिवारों में बाल विवाह की आशंका है, उन्हें समय रहते चिह्नित कर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

इस दौरान राहत संस्था के कर्मियों गौरव, गुरिया एवं अंजली ने कार्यक्रम के संचालन और समन्वय में सक्रिय भूमिका निभाई। सेमिनार में SSB के जवानों एवं विभिन्न घटक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार और सुझाव रखे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह की संभावित घटनाओं की पहचान, समय रहते रोकथाम, जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने की प्रतिबद्धता जताई।

वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि हमारा भारत और हमारा किशनगंज तभी बाल विवाह मुक्त बन सकता है, जब हर बच्चा नियमित रूप से विद्यालय जाए और उसे सुरक्षित एवं सम्मानजनक बचपन मिले।

Share this news

Leave a Comment