संवाददाता/किशनगंज
जिले में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनन विभाग ने बालू लदे एक डीसीएम ट्रक को जब्त किया है। जब्त वाहन पर करीब 500 सीएफटी बालू लदा हुआ था। जांच के दौरान बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान नहीं मिला। वहीं, पुलिस की गश्ती गाड़ी को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
इस संबंध में खनन पदाधिकारी द्वारा थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है। जिला खनन पदाधिकारी दिनेश कुमार के निर्देश पर की गई कार्रवाई के संबंध में आवेदन में बताया गया है कि शनिवार की सुबह करीब 4:30 बजे ब्लॉक चौक से आगे महेश बथान के समीप बेलवा की तरफ जा रहे एक डीसीएम ट्रक को गश्ती दल ने देखा। ट्रक पर बालू लदा हुआ था। पुलिस वाहन को देखकर चालक भागने लगा। गश्ती दल ने पीछा किया तो चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद डीसीएम ट्रक को किशनगंज थाना लाया गया।
खनन विभाग की ओर से वाहन की जांच करने पर उसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR37GA-6119 पाया गया। ट्रक पर लगभग 500 सीएफटी बालू लदा था। जांच में बालू परिवहन का कोई वैध दस्तावेज या चालान नहीं मिला। इसके बाद अवैध बालू परिवहन मानते हुए नियमानुसार जब्ती सूची तैयार कर वाहन को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।