न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

घायल अवस्था में सड़क किनारे से वृद्ध बरामद,अस्पताल में करवाया गया भर्ती

इरफान/पोठिया

पोठिया प्रखंड अंतर्गत छत्तरगाछ पंचायत के गेरामारी पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की शाम एक अज्ञात वृद्ध व्यक्ति सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले। वृद्ध को घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद मानवता और इंसानियत का परिचय देते हुए स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें तत्काल छत्तरगाछ रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल वृद्ध की उम्र करीब 65 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें किशनगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया।इस संबंध में गेरामारी निवासी मुक्तदर आलम ने बताया कि शनिवार की शाम वह छत्तरगाछ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े एक वृद्ध व्यक्ति पर पड़ी। वृद्ध को इस हालत में देखकर उन्होंने बिना देर किए स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी और ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें आनन-फानन में छत्तरगाछ रेफरल अस्पताल पहुंचाया।


मुक्तदर आलम ने बताया कि अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वृद्ध की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया। मानवता का परिचय देते हुए वह घायल वृद्ध की मदद के लिए उनके साथ किशनगंज सदर अस्पताल भी गए, ताकि इलाज के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

वहीं, अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार फिलहाल घायल वृद्ध व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। उनके पास ऐसा कोई परिचय पत्र या आधार कार्ड भी मौजूद नहीं है, जिससे उनकी पहचान की जा सके। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह कहां के रहने वाले हैं और किन परिस्थितियों में घायल हुए हैं।

Share this news

Leave a Comment