भ्रष्टाचार के खिलाफ शिक्षा विभाग ने किशनगंज में बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) शिक्षा रूबी कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने निलंबन का आदेश जारी करते हुए निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय सहरसा तय कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रूबी कुमारी के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) पहले से ही आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच कर रही थी। जांच में सामने आए तथ्यों के बाद अब विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है।
शिकायत के बाद शुरू हुई थी जांच-
EOU को रूबी कुमारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर एजेंसी ने जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला सही पाए जाने पर EOU ने छापेमारी की योजना बनाई थी।
गौरतलब हो कि, बीते 3 नवंबर को EOU की कई टीमों ने किशनगंज और कटिहार में रूबी कुमारी के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापा मारा था। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, निवेश, जमीन-जायदाद और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला था।
EOU के डीएसपी मोहम्मद जनीफुद्दीन ने उस वक्त कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया था कि रूबी कुमारी पर अपनी घोषित आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
शिक्षा विभाग के ताजा आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान रूबी कुमारी को सहरसा मुख्यालय में ही रहकर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। बिना विभागीय अनुमति के वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगी। फिलहाल EOU इस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की और कार्रवाई की जाएगी।