न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

KatiharNews:रौतारा पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 615 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

60 लाख रुपये की स्मैक बरामद, तस्करी में इस्तेमाल क्रेटा कार और एमटी बाइक जब्त; एसपी के निर्देश पर पुलिस-डीआईयू की संयुक्त कार्रवाई

कटिहार:जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रौतारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने डीआईयू टीम के सहयोग से पलटनिया चौक के समीप छापेमारी कर 615 ग्राम स्मैक के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक काले रंग की क्रेटा कार और एक एमटी मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के सख्त निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रौतारा थानाध्यक्ष मन्नू ओझा के नेतृत्व में पुलिस और डीआईयू की टीम ने पलटनिया चौक के पास कार्रवाई की। इस दौरान चार संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रौतारा थाना क्षेत्र के खुदना गांव निवासी छोटू पासवान (पिता राजेंद्र पासवान), मोनू पासवान (पिता सुरेन पासवान), श्याम किशोर पासवान (पिता दशरथ पासवान) और ज्योतिष पासवान (पिता अमर पासवान) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद स्मैक को दंडाधिकारी की उपस्थिति में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया। चारों आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष की कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि थानाध्यक्ष मन्नू ओझा के पदभार संभालने के बाद से क्षेत्र में स्मैक के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सक्रियता बढ़ी है। लगातार हो रही छापेमारी और गिरफ्तारियों से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की चुनौती

615 ग्राम स्मैक की बरामदगी के बाद अब पुलिस के सामने इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा करना अहम चुनौती है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि पुलिस स्मैक की आपूर्ति करने वाले मुख्य तस्करों और इसके खरीदारों तक भी पहुंचेगी, ताकि नशे के जाल में फंस रही युवा पीढ़ी को बचाया जा सके।

Share this news

Leave a Comment