मुरलीधर झा/बहादुरगंज
बहादुरगंज प्रखंड के समेसर पंचायत अंतर्गत तकिया वार्ड संख्या-09 से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सड़क हादसे में महादेव गणेश के पुत्र टिंकू गणेश की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, टिंकू गणेश टप्पू स्थित हीरो शोरूम में काम करते थे। काम समाप्त करने के बाद वह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है।
बहादुरगंज पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु किशनगंज सदर भेज दिया है।परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा घटना की वास्तविक सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
अब परिजनों को प्रशासनिक जांच के जरिए घटना की सच्चाई सामने आने का इंतजार है।
फिलहाल, परिजनों द्वारा जताई गई हत्या की आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।