न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

भवन निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में बड़ी चोरी, लैपटॉप सहित सरकारी दस्तावेज और जरूरी सामान गायब

पारिवारिक फोटो, विभागीय डेटा और महत्वपूर्ण पत्राचार भी थे लैपटॉप में सुरक्षित; तीन पेन ड्राइव, आठ हजार रुपये नकद और गैस सिलेंडर भी ले उड़े चोर

संवाददाता/किशनगंज

शहर में चोरों का आतंक अब सरकारी कार्यालयों तक पहुंच गया है। भवन निर्माण विभाग के भवन प्रमंडल स्थित निरीक्षण भवन (आईबी) को चोरों ने निशाना बनाते हुए लैपटॉप समेत कई महत्वपूर्ण सामानों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में सरकारी दस्तावेज, विभागीय अभिलेख और महत्वपूर्ण डेटा भी शामिल हैं। घटना के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

इस संबंध में भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल किशनगंज के कार्यपालक अभियंता डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बीते 19 नवंबर को थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया था। आवेदन में बताया गया है कि निरीक्षण भवन के केयरटेकर कन्हैया कुमार की सूचना पर चोरी की घटना की जानकारी मिली। अज्ञात चोरों ने निरीक्षण भवन से एक लैपटॉप, तीन पेन ड्राइव, आठ हजार रुपये नकद, एक गैस सिलेंडर, रसोई का सामान और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज व अभिलेख चोरी कर लिए।

लैपटॉप में थे विभागीय कामकाज से जुड़े अहम दस्तावेज

विभागीय आवेदन के अनुसार, चोरी हुए लैपटॉप में अधिकारी के पारिवारिक फोटोग्राफ के अलावा विभागीय कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा, पत्राचार, कार्यालय के अभिलेख और कई अन्य सूचनाएं सुरक्षित थीं। वहीं पेन ड्राइव में मौजूद डेटा और सरकारी दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका भी जताई गई है। विभाग ने इसे गंभीर मामला बताते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी

मामले में किशनगंज थाना में कांड संख्या 1266/26 भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई प्रभाकर सिंह को सौंपी है। विभाग ने जांच में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया है।

Share this news

Leave a Comment