मोबाइल समेत नकदी लेकर फरार हुए चोर
हसनगंज /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के नया हाट कालसर में शनिवार की रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दो किराना दुकानों और एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान का सिक्कड़ काटकर दुकान के अंदर प्रवेश किया और सामान सहित नकदी लेकर फरार हो गए। एक ही रात तीन दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने चंदन उरांव और चिंटू कुमार की किराना दुकानों के साथ कुंदन कुमार की इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाया। किराना दुकानों से चोर खाने-पीने के कुछ सामान और नकद राशि चोरी कर ले गए। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी से दुकानदार को अधिक आर्थिक नुकसान हुआ है।
इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार कुंदन कुमार ने बताया कि चोर दुकान का सिक्कड़ काटकर अंदर घुसे और तीन मोबाइल फोन सहित करीब 800 रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी किए तीनों मोबाइल ग्राहकों के थे, जिन्हें मरम्मत के लिए दुकान में रखा गया था। मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही हसनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। दुकानदारों ने बताया कि नया हाट कालसर में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही चोरी से व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती तेज करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार में नियमित पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकती है।