सीमांचल सहित अन्य जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और दीपदान, भक्ति और आस्था से सराबोर रहा गंगा तट
मनिहारी /कटिहार – हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक,आध्यात्मिक एवं पौराणिक महत्व है। सनातन परंपरा में इसे वर्ष की अत्यंत पुण्यदायी पूर्णिमाओं में से एक माना गया है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला यह पर्व गंगा स्नान,दीपदान, दान-पुण्य,पूजा-पाठ और आध्यात्मिक साधना के लिए विशेष महत्व रखता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान और श्रद्धापूर्वक दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मनिहारी के प्रसिद्ध उत्तरवाहिनी गंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गंगा स्नान को लेकर सीमांचल सहित कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज तथा आसपास के अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मनिहारी पहुंचे। अहले सुबह से ही गंगा तट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने गंगा की पवित्र धारा में आस्था की डुबकी लगाई तथा विधि -विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीपदान किया तथा दान-पुण्य एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। पूरे गंगा तट पर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा का संबंध भगवान शिव के त्रिपुरासुर वध से जुड़ा है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरा सुर का संहार कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी कारण कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। भगवान शिव के त्रिपुरांतक स्वरूप की पूजा-अर्चना का इस दिन विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से भी कार्तिक पूर्णिमा का संबंध है। कार्तिक मास को भगवान विष्णु की आराधना का विशेष महीना माना जाता है।
पूरे महीने तुलसी पूजा, दीपदान और भगवान विष्णु की उपासना की परंपरा रही है।आध्यात्मिक दृष्टि से कार्तिक पूर्णिमा आत्मशुद्धि, संयम, सेवा और सद्कर्म का संदेश देने वाला पर्व है। इस दिन गंगा स्नान के साथ जरूरतमंदों को अन्न,वस्त्र एवं धन का दान, गौ सेवा तथा दीपदान करने की परंपरा है।
भारतीय सनातन संस्कृति में यह पर्व अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस मौके पर मनिहारी नगर प्रशासन की ओर से गंगाकिनारे बैरिकेडिंग सहित साफ सफाई एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे। कनीय अभियंता मो.रिजवान एवं स्वच्छता पदाधिकारी आरुष व्यवस्था कि निगरानी मे लगे थे।