इरफान/पोठिया
पोठिया अंचल अधिकारी मोहित राज ने मंगलवार को कार्यालय कक्ष में आगलगी की घटना से प्रभावित दो गरीब परिवारों को 12-12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। सहायता राशि प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में प्रखंड के नौकट्टा निवासी सहरा खातून और भोटाथाना निवासी असगरी बेगम शामिल हैं।
चेक मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व हुई अचानक आगलगी की भीषण घटना में इन दोनों परिवारों का आशियाना पूरी तरह जलकर राख हो गया था। घर जल जाने के कारण दोनों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए थे और उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया था।
अंचल अधिकारी के निर्देश पर संबंधित पंचायत के राजस्व कर्मचारी द्वारा घटनास्थल पर जाकर क्षति का आकलन किया गया और इसकी जांच रिपोर्ट अंचल कार्यालय को सौंपी गई। रिपोर्ट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आपदा राहत कोष से दोनों पीड़ितों के लिए मुआवजे की राशि स्वीकृत की गई। अंचल अधिकारी मोहित राज ने कहा कि आगलगी की इस दुखद घटना में इन परिवारों का सब कुछ जलकर राख हो गया है।
क्षति कि पूरी भरपाई तो नहीं की जा सकती, लेकिन सरकारी नियमानुसार जो भी संभव सहायता है, वह तत्काल उपलब्ध कराई गई है। प्रत्येक प्रभावित परिवार को 12-12 हजार रुपये का चेक दिया गया है ताकि वे अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी कर सकें।
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि किसी भी प्राकृतिक या आकस्मिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पोठिया अंचल प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर संभव मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।