खनन टास्क फोर्स की बैठक में डीएम-एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश, अवैध खनन और खनिजों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलेगा संयुक्त छापेमारी अभियान
किशनगंज: जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने, खनन राजस्व संग्रहण और अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि नवंबर माह में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 17 वाहनों को जब्त किया गया है, जबकि पांच मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीएम ने इस कार्रवाई को और प्रभावी बनाने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि नवंबर माह में जिले में खनन राजस्व संग्रहण के तहत कुल 3109.84 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। डीएम ने निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और अवैध भंडारण के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए। इसके लिए संवेदनशील एवं अवैध खनन प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की जाए। संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से नियमित छापेमारी कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में वाहनों के दस्तावेज, परमिट एवं परिवहन से जुड़े आवश्यक कागजातों की सघन जांच करने का भी निर्देश दिया गया। अधिकारियों को विभागीय वेबसाइट के माध्यम से वाहनों के दस्तावेजों का सत्यापन करने को कहा गया, ताकि फर्जी कागजात के सहारे खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाई जा सके।
वहीं, आसूचना के आधार पर मिलने वाली सूचनाओं और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से जांच करने का निर्देश दिया गया। अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करने और पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें और प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी राजस्व की चोरी रोकना और अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।