प्रत्येक दिन करें भगवान के दर्शन मिलेगी मन को शांति और आत्मबल – आचार्य रमेश
एक माह तक श्री विष्णु मंदिर में चला कार्तिक महात्म्य पाठ
पूर्णाहुति में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया भाग
बारसोई/कटिहार – कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बारसोई बाजार स्थित अति प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री विष्णु मंदिर में एक माह से चल रहे कार्तिक महात्म्य पाठ का मंगलवार को हवन यज्ञ एवं विधिवत पूजा अर्चना के साथ श्रद्धापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार हवन की पवित्र आहुति और भगवान श्रीहरि के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा भगवान विष्णु के चरणों में सुख शांति और समृद्धि की कामना की।समापन समारोह को संबोधित करते हुए मंदिर के पुजारी आचार्य रमेश पांडे ने कहा कि पर्व-त्योहारों पर भगवान के दर्शन और पूजा अर्चना के लिए मंदिर आना हमारी धार्मिक परंपरा है। लेकिन यदि श्रद्धालु प्रतिदिन मंदिर आकर भगवान के दर्शन करें।
तो इससे मन को शांति सकारात्मक ऊर्जा और आत्मबल प्राप्त होता है। नियमित पूजा पाठ व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाता है तथा जीवन में सद्भाव और संयम का भाव जागृत करता है।आचार्य रमेश पांडे ने कार्तिक मास की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह महीना भगवान श्रीहरि को अत्यंत प्रिय है। इस पवित्र मास में प्रातः स्नान भगवान का दर्शन पूजा पाठ कार्तिक महात्म्य का श्रवण तथा दान-पुण्य करने का विशेष महत्व है।
श्रद्धा और भक्ति से किए गए धार्मिक कार्य मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करते हैं।एक माह तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति हवन-यज्ञ के साथ की गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु दंपतियों सहित महिला एवं पुरुष भक्तों ने सहभागिता निभाई।
कार्तिक महात्म्य पाठ के सफल आयोजन एवं समापन में मंदिर संचालन समिति के सदस्यों और बारसोई बाजार के श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।