न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त,दुर्घटना रोकने एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश

कटिहार– जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण,यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। पूर्व के बैठक में दिये निर्देशों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी -सह- अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति आशुतोष द्विवेदी ने आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं वाहन जांच, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था,ओवरलोडिंग, अतिक्रमण, ट्रक पार्किंग, पीएम ई-ड्राइव योजना, पीएम राहत योजना तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों के समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने वाहन जांच अभियान को नियमित रूप से जारी रखने तथा हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहन संबंधी आवश्यक कागजात की जांच सख्ती से करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में एनएच एवं अन्य प्रमुख सड़कों पर दुर्घटनाओं की आशंका वाले 12 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किया गया है।

जिसमें कोशी पुल, कबीर मठ,विषहरी स्थान, सिमरगाछी, डुमर चौक, बखरी मोड़, गेड़ाबाड़ी, जुराबगंज, फलवरिया मोड़ सहित अन्य शामिल है। इन स्थानों पर संबंधित विभागों को टीबीएम, रोड साइनेज, चेतावनी संकेतक एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, सड़कों के किनारे लगे पेड़ों की छंटाई, तीखे मोड़ों पर सड़क चौड़ीकरण तथा रंबल स्ट्रिप लगाने पर भी जोर दिया गया।


भारी वाहनों की ओवरलोडिंग रोकने के लिए जिले के विभिन्न मार्गों पर नियमित जांच अभियान चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों एवं कंपनियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं शहरी क्षेत्रों की मुख्य सड़कों के किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाने की कार्रवाई में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रत्येक 75 किलोमीटर की दूरी पर ट्रक ले-बाय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर मोरथ को भेजने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सुरक्षित पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया।

जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने को लेकर कुल 6 स्थलों का चयन कर विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है। इसके तहत कटिहार-मालदा रोड, कटिहार-मनिहारी रोड तथा अन्य प्रमुख मार्गों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है। प्रधानमंत्री राहत योजना के पारदर्शी एवं सफल क्रियान्वयन के लिए परिवहन विभाग,स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, आयुष्मान भारत योजना से संबंधित पदाधिकारियों तथा सूचीबद्ध अस्पतालों के प्रबंधकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया,ताकि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को ससमय उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

वहीं सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने के उद्देश्य को लेकर बनाये गये राहवीर प्रोत्साहन योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा राहवीरों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में परिवहन विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।तो नगर क्षेत्र में ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के सुव्यवस्थित परिचालन, निर्धारित पार्किंग एवं ठहराव स्थल तय करने, क्षमता के अनुरूप यात्रियों के परिवहन तथा यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित नावों एवं घाटों का नियमित निरीक्षण करने, नावों में जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी चर्चा की गई।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन अगली बैठक से पूर्व उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार, नगर आयुक्त संतोष कुमार, अपर समाहर्ता डा.बिनोद कुमार,पुलिस उपाधीक्षक यातायात सद्दाम हुसैन,सिविल सर्जन डॉ. एस सरकार , परियोजना निदेशक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, तिलरथ एवं पूर्णिया, कार्यपालक अभियंता, एनएच-31 एवं एनएच-81, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग जिला शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Comment