मनरेगा कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक
इच्छुक लोग कार्यालय पहुंचकर बनवा सकेंगे मेट आईडी
बरारी /कटिहार – बरारी प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा कार्यालय में मंगलवार को वीबी-जी राम-जी के तहत संचालित कायाकल्प योजनाओं की प्रगति को लेकर विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम पदाधिकारी श्यामदेव कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी पंचायत रोजगार सेवक, प्रखंड तकनीकी सहायक, कार्यक्रम तकनीकी सहायक एवं कनीय अभियंता शामिल हुए।बैठक में विभिन्न पंचायतों में चल रही कायाकल्प योजनाओं की स्थिति की बारी-बारी से समीक्षा की गई।
कार्यक्रम पदाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को कार्यों में तेजी लाने और सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कर्मी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके।इस दौरान मेट पहचान पत्र बनाने में आ रही तकनीकी समस्या का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
बताया गया कि मेट पहचान पत्र से जुड़ी परेशानी के कारण कार्यस्थलों पर मजदूरों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई हो रही है। इसका असर मनरेगा के तहत मजदूरों की कार्य में भागीदारी पर भी पड़ रहा है।
कार्यक्रम पदाधिकारी ने इस समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही बताया कि जो इच्छुक व्यक्ति मेट के रूप में काम करना चाहते हैं, वे प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा कार्यालय पहुंचकर अपना मेट पहचान पत्र बनवा सकते हैं।