बाजार में रौनक लौटने की जगी उम्मीद
मजदूरों को भी मिलेगा रोजगार
मनिहारी /कटिहार – मनिहारी और कारगिल के बीच मंगलवार से मालवाहक व्यावसायिक फेरी सेवा शुरू होने से गिट्टी-पत्थर के कारोबार से जुड़े व्यवसायियों में खुशी की लहर है। लंबे समय से बंद पड़ी व्यावसायिक फेरी सेवा के दोबारा चालू होने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने तथा स्थानीय बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद जगी है।फेरी सेवा के प्रबंधक प्रताप रंजन ने बताया कि पिछले कई महीनों से व्यावसायिक एवं यात्री फेरी सेवा बंद रहने के कारण गिट्टी-पत्थर के कारोबार से जुड़े व्यवसायियों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया था।
इस कारोबार पर निर्भर ट्रक चालकों,मजदूरों और अन्य कामगारों को भी रोजगार के अभाव में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। फेरी सेवा बंद रहने से दोनों किनारों के बीच माल के आवागमन और व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ा था। ट्रक एसोसिएशन से जुड़े लोगों ने व्यावसायिक फेरी सेवा शुरू होने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल गिट्टी-पत्थर के कारोबार को नई गति मिलेगी, बल्कि इससे जुड़े सैकड़ों लोगों की आजीविका को भी सहारा मिलेगा।
मनिहारी और कारगिल के दोनों किनारों पर बसे लोगों के बीच वर्षों से पारिवारिक, सामाजिक और व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। ऐसे में यात्री एवं मालवाहक फेरी सेवा का संचालन दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए सुविधाजनक साबित होगा।व्यवसायियों को उम्मीद है कि फेरी सेवा नियमित रूप से संचालित होने पर व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय बाजार में फिर से चहल-पहल बढ़ेगी।