बरारी और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में झिटकिया के दोनों युवक पकड़े गए
दो मोबाइल भी जब्त
बरारी /कटिहार – बरारी थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी भैंसदियारा स्थित बीएम कॉलेज के पास छापेमारी कर स्मैक तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के पास से 90 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवकों की पहचान कोढ़ा थाना क्षेत्र के झिटकिया गांव निवासी तनिष्क कुमार (21) पिता बबलू दास और रूपेश कुमार (19) पिता चंद्रशेखर दास के रूप में हुई है।
बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि 23 नवंबर को बरारी थाना पुलिस और एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ी भैंसदियारा स्थित बीएम कॉलेज के पास दो युवक मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मौजूद दोनों युवकों को पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 90 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।