महज 2 मिनट में मिलेंगे 36 रक्त संबंधी पैरामीटर
कटिहार – पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मंडल रेल अस्पताल कटिहार में चिकित्सा सुविधाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अस्पताल की क्रिटिकल केयर यूनिट में पहली बार अत्याधुनिक एबीजी मशीन स्थापित की गई है। करीब 3.5 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई इस मशीन से गंभीर मरीजों की जांच रिपोर्ट कम समय में उपलब्ध हो सकेगी, जिससे चिकित्सकों को उपचार संबंधी त्वरित निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
इस संबंध में कटिहार रेलमंडल के सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि इस आधुनिक मशीन की खासियत यह है कि रक्त का नमूना डालने के लगभग दो मिनट के भीतर करीब 36 प्रकार के रक्त संबंधी पैरामीटर प्राप्त किए जा सकते हैं। विशेष रूप से गंभीर अवस्था में भर्ती मरीजों की स्थिति का आकलन करने, शरीर में ऑक्सीजन एवं कार्बन डाइऑक्साइड के स्तर तथा एसिड-बेस संतुलन से संबंधित जांच में एबीजी मशीन उपयोगी साबित होती है।
इससे मरीजों की स्थिति के अनुरूप समय पर उपचार शुरू करने और उसकी निगरानी करने में चिकित्सकों को सुविधा मिलेगी।वही मशीन की स्थापना के साथ ही डॉ. विग्नेश्वर ने अस्पताल की नर्सों को इसके उपयोग, रखरखाव एवं उचित देखभाल के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया। इससे चिकित्सा कर्मियों को उपकरण का सुरक्षित और प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
रेल अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं को तेजी से उन्नत बनाने की इस पहल के लिए सीएमएस डॉ. वी दामोदर ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक के प्रति धनराशि स्वीकृत करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही, मंडल रेल प्रबंधक, कटिहार तथा स्टोर्स विभाग के सहयोग की भी सराहना की गई। जिनके प्रयासों से आवश्यक चिकित्सा उपकरण की खरीद और स्थापना संभव हो सकी।