न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

भगवती मंदिर मेला का विधायक,एमएलसी और मुख्य पार्षद ने किया शुभारंभ

भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है मेला, हुड़दंग करने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर

बरारी /कटिहार – नगर पंचायत बरारी स्थित श्री भगवती मंदिर बरारी के मेला परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा मेले का रविवार की देर शाम बरारी विधायक विजय सिंह, एमएलसी अशोक अग्रवाल और नगर पंचायत बरारी की मुख्य पार्षद बबिता कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेला आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है। मेले के आयोजन से लोगों के बीच आपसी प्रेम और सद्भाव बढ़ता है। साथ ही कई वर्षों से बिछड़े लोग भी मेले में एक-दूसरे से मिलते हैं। उन्होंने बेहतर आयोजन के लिए मेला समिति के सदस्यों की सराहना की और लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए मेले का आनंद लेने की अपील की।

सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है। विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हुड़दंग करने वालों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण वातावरण में मेले का आनंद लेने की अपील की गई। वहीं मंदिर समिति के सचिव पंकज यादव और उपसचिव धनजीत कुमार ने कहा कि मेले के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और समिति के कार्यकर्ताओं की नजर है। गुप्त सूचना के आधार पर भी असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक सहयोग के लिए जताया आभार

मंदिर समिति केपदाधिकारियों ने कहा कि इतने बड़े मेले का सफल संचालन प्रशासन के सहयोग से संभव हो पाता है। हर वर्ष प्रशासन की ओर से मिलने वाले सहयोग के लिए उन्होंने आभार जताया। साथ ही श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ मेले का आनंद उठाने की अपील की। इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, जदयू के प्रदेश नेता अरविंद भगत, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती,भाजपा नेता चंद्रभूषण ठाकुर, सावन चौरसिया, मुकेश चौधरी, मो. राजू, मनीष झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे ।

Share this news

Leave a Comment