न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता, 24 घंटे में अंतरराज्यीय गृहभेदन चोर गिरोह का पर्दाफाश,दो गिरफ्तार

संवाददाता/ किशनगंज

किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में हुए गृहभेदन कांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी से दो कुख्यात चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गए सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

गौरतलब हो कि इस घटना के संबंध में बीते 14 अक्टूबर को पीड़ित संतोष प्रधान,सुभाष नगर निवासी ने बहादुरगंज थाने में आवेदन दिया था कि 13 अक्टूबर को वह परिवार के साथ घर में ताला बंद कर बाहर गया था। वापस आने पर देखा कि मेन गेट और कमरे की तिजोरी का ताला टूटा है और अज्ञात चोरों ने सोना-चांदी के आभूषण और नकद चोरी कर ली है। इस संबंध में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 660/26 दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और घटनास्थल निरीक्षण के आधार पर टीम ने नक्सलबाड़ी, जिला दार्जिलिंग से मो. माजिद (42 वर्ष) और मो. नाजीर (37 वर्ष), दोनों मोहल्ला तोताराम, थाना नक्सलबाड़ी के घर पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने की 2 बाली, 2 कान बाली, 1 अंगूठी, 1 टिकुली तथा चांदी की 8 पायल, हनुमान जी का लॉकेट लगा सिकड़ी, बिछिया, मठिया समेत कुल 28 पीस आभूषण, एक टॉर्च, पेचकस और घटना में इस्तेमाल मोबाइल बरामद किया है। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी नक्सलबाड़ी थाने में आपराधिक इतिहास रहा है।

Share this news

Leave a Comment