न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

दिल्ली जा रहे फलका के युवक की ट्रेन से गिरकर मौत,रील बनाने के चक्कर में हुआ हादसा

फलका /कटिहार – मजदूरी करने दिल्ली जा रहे फलका क्षेत्र के एक युवक की गाजियाबाद के समीप ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। रविवार को जब युवक का शव उसके पैतृक गांव भंगहा पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के भंगहा पंचायत वार्ड संख्या नौ निवासी पारस मंडल के पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सचिन पांच दिन पहले रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकला था।

सफर के दौरान गाजियाबाद के पास वह चलती ट्रेन में मोबाइल से रील बनाने लगा। इसी बीच अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रेन में साथ सफर कर रहे उसके दोस्तों ने तुरंत रेल पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रविवार को जैसे ही सचिन का शव गांव लाया गया, माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस बेटे को कमाकर घर चलाने के लिए परदेश भेजा था, उसकी इस तरह अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Share this news

Leave a Comment