बेगूसराय: केंद्रीय वस्त्र मंत्री एवं बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने से जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में सनसनी फैल गई। धमकी किसी फोन कॉल या सोशल मीडिया संदेश के जरिए नहीं, बल्कि नई दिल्ली स्थित उनके मंत्रालय के पते पर डाक से भेजे गए गुमनाम पत्र के माध्यम से दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
3 सितंबर को पहुंचा था धमकी भरा पत्र
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तीन सितंबर को जीपीओ-3, नेताजी नगर, नई दिल्ली स्थित पते पर केंद्रीय मंत्री को संबोधित एक गुमनाम पत्र पहुंचा था। पत्र में अंग्रेजी में मंत्री को जल्द ही ‘हार्डकोर आतंकियों’ द्वारा मारे जाने की धमकी दी गई थी। पत्र में इसके साथ दो मोबाइल नंबर भी लिखे होने की बात सामने आई है।
कर्नाटक कनेक्शन ने बढ़ाया सस्पेंस
मामले की प्राथमिकी में कर्नाटक के कोलार जिले के श्रीनिवासपुरा तालुका के इंबाला गांव से जुड़े एक व्यक्ति का नाम-पता तथा पत्र में दर्ज मोबाइल नंबरों को भी शामिल किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पत्र में दर्ज व्यक्ति और मोबाइल नंबरों का धमकी से वास्तव में क्या संबंध है या किसी की पहचान का इस्तेमाल कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई है।
निजी सचिव ने दी जानकारी, पुलिस ने शुरू की जांच
गौरतलब हो कि पत्र की जानकारी केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव को हुई, जिसके बाद इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों और बेगूसराय पुलिस को दी गई। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने मामले की पुष्टि की है।
मोबाइल नंबर और पत्र के स्रोत की होगी जांच
पुलिस अब धमकी भरे पत्र के स्रोत, डाक से भेजे जाने की परिस्थितियों, पत्र में दर्ज मोबाइल नंबरों और कर्नाटक से जुड़े पते की तकनीकी जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी के पीछे वास्तविक मंशा क्या थी और पत्र भेजने वाला कौन है।