संवाददाता/किशनगंज
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गुरुवार को किशनगंज में इंडी गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के गांधी चौक पर आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के पुतले भी दहन किए गए।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग से निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से काम करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति को ज्ञानेश कुमार का रूप देकर रस्सियों से बांधकर प्रतीकात्मक जुलूस भी निकाला गया।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस विधायक कमरूल हुदा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व विधायक मुजाहिद आलम और मजहरूल हसन ने भी प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की। हालांकि, ये आरोप प्रदर्शनकारियों के हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज ने बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) की तैनाती की गई थी। प्रदर्शन के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण रही।
इस मौके पर शहाबुल अख्तर, शमशुल हुदा, इमाम अली चिंटू, पीटर, रेहान अहमद, शाहिद रब्बानी, अमजद आलम, शमशीर अहमद सहित इंडी गठबंधन के दर्जनों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।