पांच लाख रुपये की लागत से बना भव्य पंडाल बना आकर्षण का केंद्र
बारसोई /कटिहार – शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर बारसोई बाजार में मां दुर्गा की आराधना और भक्ति का उल्लास चरम पर है। बाजार स्थित यंग फ्रेंड्स क्लब की ओर से स्थापित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का बलरामपुर विधायक संगीता देवी ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। काशी विश्वनाथ मंदिर की भव्य स्थापत्य शैली से प्रेरित इस पंडाल की आकर्षक बनावट स्वर्णिम सजावट और मनमोहक रोशनी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
पंडाल के ऊंचे कलात्मक शिखर भव्य गुंबद, बारीक नक्काशी और सुनहरी रोशनी से सजी संरचना काशी विश्वनाथ मंदिर की भव्यता का एहसास कराती है। रात्रि में रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता पंडाल श्रद्धालुओं को सहज ही अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। पंडाल के भीतर विराजमान मां दुर्गा की दिव्य प्रतिमा और उनके साथ स्थापित देवी देवताओं की प्रतिमाएं भक्तों के मन में श्रद्धा और भक्ति का संचार कर रही हैं।
यंग फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष आनंद गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष लगभग पांच लाख रुपये की लागत से पंडाल का निर्माण कराया गया है। पंडाल को काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार करने का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भव्यता के साथ आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करना है। निर्माण और सजावट में विशेष ध्यान रखा गया है। ताकि मां के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण के बीच अनूठा अनुभव मिल सके।
उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक संगीता देवी ने मां दुर्गा के दरबार में पहुंचकर पूजा अर्चना की और क्षेत्र की सुख समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना की। नवरात्र का पर्व शक्ति की उपासना अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना से जुड़ा यह महापर्व लोगों में आस्था सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।पंडाल के शुभारंभ के बाद श्रद्धालुओं में मां के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। उद्घाटन समारोह में नगर पुरोहित पंडित भोलानाथ तिवारी विधायक पति राजेश कुमार साह उर्फ मिट्ठू, विधायक प्रतिनिधि सागर कुमार साह, यंग फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।