दो निलंबित और एक का वेतन कटा
संवाददाता/किशनगंज
दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ किशनगंज पुलिस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर थानाध्यक्ष सहित कुल 5 पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों पर सख्त एक्शन लिया गया है। रविवार शाम किशनगंज पुलिस द्वारा जारी
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार थानाध्यक्ष बहादुरगंज सुनील कुमार चेकिंग के दौरान थाना क्षेत्र में विशेष प्रातः गश्ती नहीं पाए जाने पर उनसे दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
वहीं प्रशिक्षु पीटीसी सुनील कुमार रुईधासा पूजा स्थल पर बिना नेम प्लेट लगाए वर्दी में कुर्सी पर बैठकर मोबाइल चलाते हुए पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है,सिपाही वशिष्ठ नारायण कुमार रुईधासा पूजा स्थल पर ड्यूटी के दौरान कुर्सी पर सोते हुए पाए जाने पर इन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है,प्रशिक्षु पीटीसी रितेश कुमार पौआखाली दुर्गा मंदिर में ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।महिला गृहरक्षक हिन्डीया मरांडी पूरबपल्ली दुर्गा पूजा स्थल पर अपने कर्तव्य से अनुपस्थित पाए जाने पर इनके विरुद्ध एक दिन का वेतन कटौती करने का आदेश दिया गया है।
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा ड्यूटी में प्रत्येक पदाधिकारी एवं कर्मी से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जवाबदेही की अपेक्षा की जाती है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेश उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।